Home » तुमान फीडर में आई खराबी, गांवों में छाया अंधेरा, लोग करते रहे रतजगा
कोरबा छत्तीसगढ़

तुमान फीडर में आई खराबी, गांवों में छाया अंधेरा, लोग करते रहे रतजगा

कोरबा। जिले के बरपाली विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले तुमान फीडर क्षेत्र में लगभग 17 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप्प रहने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच आधा दर्जन से अधिक ग्रामो के लोगों ने पूरी रात जगरता कर बिताई। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद न तो बिजली विभाग के अधिकारियों ने फोन उठाया और न ही समय पर समस्या का समाधान किया गया।

जानकारी के अनुसार 28 जून की शाम लगभग 4 बजे से तुमान फीडर में बिजली आपूर्ति बाधित है। विद्युत विभाग की ओर से ग्रामीणों को 11केवी लाइन में ब्रेकडाउन और फॉल्ट होने की जानकारी दी गई, लेकिन देर रात तक सुधार कार्य शुरू नहीं हो सका। इससे सलिहाभांठा, बंधवाभांठा, डोंगरीभांठा, पकरिया, सराईडीह सहित आधा दर्जन से अधिक ग्राम अंधेरे में डूबे रहे। सबसे अधिक परेशानी पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. बंशीलाल महतो के गृहग्राम पंचायत सलिहाभांठा और पूर्व विधायक ननकीराम कंवर के गृह क्षेत्र के ग्रामीणों को उठानी पड़ी। बिजली नहीं होने से लोग पूरी रात गर्मी और उमस में जागते रहे, जबकि सुबह होते ही बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से निजी बोरवेल, पानी की मोटर और अन्य विद्युत उपकरण पूरी तरह बंद पड़े हैं। ग्राम की नल-जल योजना भी अधूरी होने के कारण अधिकांश लोग निजी बोर और हैंडपंप पर निर्भर हैं। बिजली नहीं रहने से पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई। वहीं मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए और जिन घरों में इनवर्टर थे, उनकी बैटरी भी अर्धरात्रि जवाब दे गई।

ग्राम के जागरूक नागरिक शैलेन्द्र जायसवाल ने रात्रि लगभग 11.30 बजे विद्युत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद बिजली बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि तुमान फीडर में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।

Search

Archives