कोरबा। फर्टिलाइजर बस्ती में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात समेत नगदी को पार कर दिया है। करीब डेढ़ लाख की चोरी होना बताया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक ओम यादव और उसका परिवार किसी काम से अपने गृहग्राम बलौदा गया हुआ था। सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उसके घर का दरवाजा तोड़ा और अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 15 हजार रुपए नगद की चोरी कर ली है। पड़ोसियों की सूचना पर ओम यादव का परिवार घर लौटा तो देखा कि कमरे का सामान अस्तव्यस्त पड़ा हुआ है। अलमारी का ताला टूटा हुआ है और उसमें से 15 हजार रुपए कैश और गहने गायब हैं। ओम यादव ने बताया कि बलौदा उनका गृहग्राम है, वहां घर का काम चल रहा है।दर्री थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ितों ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।







