कोरबा। युवक से परेशान परिजन और स्थानीय लोगों ने जमकर पिटाई की। साथ ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक की उसके परिजन और स्थानीय लोग पिटाई करते नजर आ रहे हैं। युवक की हरकतों से परेशान होकर परिजनों ने आखिरकार उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह युवक पहले भी अपने पिता के साथ मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। यह पूरा मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार मुख्य मार्ग का है। 24 वर्षीय अरमान खान नामक युवक अपनी हरकतों से घर वालों और आसपास के लोगों को लगातार परेशान कर रहा था। शुक्रवार की देर शाम, युवक घर के आसपास उत्पात मचा रहा था और उसने घर की एक बुजुर्ग महिला के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट भी की।
युवक की इन हरकतों से जब घर वाले और आसपास के लोग हद से ज्यादा परेशान हो गए, तो उन्होंने उसे सबक सिखाने का फैसला किया। पहले उसकी पिटाई की गई, फिर उसके दोनों हाथ और पैर पकड़कर उसे घर ले जाया जा रहा था। इसके बावजूद, युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। यह ड्रामा लगभग आधे घंटे तक चला, जिसके चलते लोगों की भीड़ जमा हो गई। अंततः, लोगों की शिकायत पर मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया और परिजनों की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की।







