कोरबा। राज्यपाल रमेन डेका आज कोरबा जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान वे कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम ढपढप-बांकीमोंगरा में आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा के पांचवे व अंतिम दिन 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने नवविवाहित जोड़ों से भेंट की और उनके सुखमय जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सम्मान स्वरूप पाँच हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। कोरबा प्रवास के दौरान राज्यपाल श्री डेका से कथावाचक श्री धीरेंद्र शास्त्री ने भी सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित अन्य अधिकारी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कन्यादान से बड़ा दूसरा कोई दान नहीं : पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
बागेश्वर सरकार के सानिध्य में विवाह का यह आयोजन संपन्न हुआ, जिसे मां सर्वमङ्गला देवी मंदिर के प्रमुख नमन पांडे द्वारा सहयोग से संपन्न कराया गया। इस कार्य में अन्य लोगों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सभी नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया, जिनमें दिव्यांग कन्याएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संसार में कन्यादान से बड़ा दूसरा कोई दान नहीं होता । पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने इस अवसर पर विवाह गीत गाते हुए झूमते नजर आए।







