कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में 33 वर्षीय राम प्रसाद पटेल ने घर के आंगन में लगे पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पत्नी को तालाब में स्नान के लिए भेज दिया था। स्नान कर लौटने पर पत्नी ने पति को फांसी पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक मृतक राम प्रसाद पटेल और उनकी पत्नी दोनों गांव से लगे फ्लाई ऐश फैक्ट्री में मजदूरी करने गए थे। दोपहर में काम खत्म कर दोनों घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद राम प्रसाद ने पत्नी को तालाब में नहाने भेज दिया। पत्नी के जाते ही उसने आंगन में लगे पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। स्नान कर वापस लौटी पत्नी ने पति को फांसी पर लटका देखा तो जोर-जोर से चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आनन-फानन में राम प्रसाद को फांसी से उतारकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक राम प्रसाद पटेल के पिता रूप सिंह पटेल खेती-किसानी करते हैं। राम प्रसाद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके दो छोटे बच्चे हैं। 8 साल की बेटी और 3 साल का बेटा अब अनाथ हो गए हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। सूचना मिलते ही जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया है। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







