कोरबा। औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। हादसों पर जिला प्रशासन को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। शनिवार की सुबह भी एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हादसे में घर का एक और चिराग बुझ गया है। यह ताजा मामला शनिवार की सुबह इंडस्ट्रियल एरिया में सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार झगरहा निवासी मिथिलेश राय का 18 वर्षीय पुत्र शिवम राय बाइक में सवार होकर कोचिंग क्लास से वापस घर लौट रहा था। इंडस्ट्रियल एरिया में खड़े ट्रक की बगल से निकलने की कोशिश में उसकी गाड़ी स्लिप हो गई। वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। खास बात यह है कि शिवम ने बाइक चलाते समय यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहना हुआ था। इसके बावजूद उसकी सुरक्षा नहीं हो सकी। सड़क पर गिरते ही स्कूटी उसके सिर पर चढ़ गई। हेलमेट सिर से खुल गया और छिटककर काफी दूर जा गिरा। स्कूटी में दो युवक सवार थे। उन्हें भी चोट आई है। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।







