कोरबा। जिले में नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय वियश राठौर की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वे सीएसईबी से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और खरमोरा के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब नो-एंट्री के बावजूद एक भारी वाहन सड़क पर चल रहा था। वाहन की चपेट में आने से वियश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नो-एंट्री के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाता और भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। अब सभी की निगाहें शासन-प्रशासन पर हैं कि आखिर नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।







