कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में अलग-अलग वार्डों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड नंबर 13 न्यू अमरैया पारा और चिमनीभठा बस्ती में पिछले तीन दिनों से बस्ती और घरों में नाली का गंदा पानी घुस रहा है जिसे लेकर लोग बहुत परेशान हैं। लोगों ने बताया कि तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात भर जाग-जाग कर पानी को घर से बाहर फेंकना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
वार्ड पार्षद प्रभा राठौर का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण वार्ड में जलभराव की स्थिति निर्मित है और वह खुद मौके पर जाकर लोगों की समस्याओं को सुन रही है पिछले 10 साल से इस वार्ड में नाली नाला और पानी निकासी को लेकर कुछ भी काम नहीं हुए हैं जिसके चलते यह स्थिति निर्मित हुई है और लोगों में भारी आक्रोश है।
वार्ड नम्बर 29 मुड़ापार में भी जल भराव की स्थिति निर्मित है । मुड़ापार बस्ती, शान्ती नगर के अलावा रामनगर बस्ती के आसपास के घरों में नल का गंदा पानी घरों में घुस रहा है जहां सांप, कीड़े-मकोड़े और गंदगी बैडरूम किचन तक घुस गए हैं।
वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे ने बताया कि लगातार वार्डों में घूम-घूम कर लोगों की समस्याओं से अवगत हो रहे हैं लेकिन अधिक बारिश के कारण जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई है, वहीं शांति नगर और रामनगर के बीच में जो नाला का निर्माण हुआ है उसमें पानी निकासी का साधन नहीं है जिसके चलते पानी वापस आकर घरों में घुस रहे हैं इसकी जानकारी नगर निगम के अधिकारियों को दी गई है।
वार्ड नंबर 9 सीतामढ़ी इलाके में नाला किनारे घरों में और बस्ती में जल भराव की स्थिति निर्मित है, जहां लोगों ने आरोप लगाया है कि यह समस्या पिछले कई साल से है लेकिन अब तक निराकरण नहीं हो सका है और लोग परेशान है। वहीं वार्ड पूर्व पार्षद सुफल दास और वर्तमान पार्षद राधा दास ने बताया कि पिछले तीन दिनों से वह वार्ड में घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं, कई घरों में बारिश के साथ ही नाली का गंदा पानी घुसा है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।







