रायपुर। डीएसपी कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाने वाले कारोबारी दीपक टंडन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दीपक टंडन को कुछ लोगों द्वारा बेरहमी से पीटते और उनके कपड़े फाड़ते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि दीपक टंडन ने हाल ही में डीएसपी कल्पना वर्मा पर प्यार में फंसाकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से यह मामला लगातार सुर्खियों में है। अब टंडन के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
वीडियो में कुछ लोग दीपक टंडन के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं, वहीं वह खुद को बचाने की कोशिश करता दिख रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह घटना कब और कहां की है। इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जाने क्या है मामला
दरअसल, दीपका थाना क्षेत्र में महेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने दीपक टंडन के खिलाफ 27 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इस केस में कोर्ट में पेश नहीं होने के कारण टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
कारोबारी के आरोप
दीपक टंडन ने दावा किया है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने पहले उन्हें लव ट्रैप में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये, महंगी कार और कीमती जेवर लिए। उनका आरोप है कि अब वह सामान वापस नहीं किया जा रहा। टंडन ने अक्टूबर महीने में खम्हारडीह थाना, रायपुर में इस संबंध में शिकायत भी की थी। पुलिस से कार्रवाई न होने पर उन्होंने मीडिया के सामने पूरा मामला रखा।
डीएसपी कल्पना वर्मा का पक्ष
डीएसपी कल्पना वर्मा ने आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि टंडन उन पर कोर्ट से केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने फर्जी तस्वीरें और चैट्स तैयार कर मीडिया में वायरल कर दीं। वायरल वीडियो को लेकर डीएसपी वर्मा ने स्पष्ट किया कि वह बकाया पैसे लेने होटल गई थीं, न कि किसी निजी संबंध के कारण। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
कौन हैं दीपक टंडन
कारोबारी दीपक अंबेडकर टंडन का बचपन कोरबा की पुरानी बस्ती, आदिल चौक के पास बीता। उन्होंने कोरबा में ही पढ़ाई की और नया बस स्टैंड के पास फोटो फ्रेमिंग की दुकान चलाते थे, जो आज भी मौजूद है। दीपक चार भाइयों में सबसे छोटे हैं और सतनामी समाज के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
उनकी पहली शादी 2011 में कोरबा में हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद और दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बाद वह करीब 17 साल पहले कोरबा छोड़कर रायपुर चले गए। फिलहाल दीपक टंडन रायपुर में एक बड़े होटल के मालिक हैं। उनकी दूसरी शादी हो चुकी है और दो बच्चे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े इस मामले की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए ही मिली।
मुलाकात कैसे हुई
जानकारी के मुताबिक, डीएसपी कल्पना वर्मा जब 2021 में महासमुंद में पदस्थ थीं, तब वह अपने कुछ साथियों के साथ टंडन के होटल गई थीं। एक म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए दोनों की पहचान हुई, जिसके बाद बातचीत और मुलाकातें बढ़ीं।
जांच जारी
मीडिया में मामला आने के बाद खम्हारडीह पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि पुलिस अधिकारी फिलहाल अधिकृत बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां कारोबारी पर गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है, वहीं दूसरी ओर डीएसपी कल्पना वर्मा ने भी कानूनी कार्रवाई का संकेत दिया है। मामला अब कानून और जांच एजेंसियों के बीच है।
देखें वीडियो :-







