कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागर पारा में रविवार देर शाम आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बताया जा रहा हैं की रामसागर पारा निवासी कृष्णा यादव का नाबालिग पुत्र रवि यादव की हत्या मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने कर दी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार गश्त शुरू कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घटना में शामिल आरोपियों की तलाश और पूछताछ की कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हत्याकांड में 7 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुरानी रंजिश के चलते रविवार रात रामसागर पारा में हुए खूनी संघर्ष और एक निर्दाेष युवक की मौत के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 7 लोगों को हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों का गुस्सा थोड़ा शांत हुआ है, लेकिन इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रवि यादव पर लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी महेन्द्र गंगवानी, लाठी से हमला करने वाले उसके बेटे और 5 अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए पांच अन्य आरोपियों में दो नाबालिग हैं। वहीं, मुख्य आरोपी के बेटे की वास्तविक उम्र की भी जांच (मेडिकल टेस्ट) कराई जा रही है, ताकि उसकी सही उम्र का पता चल सके।







