कोरबा। जिले के केंदई वनपरिक्षेत्र में आतंक मचाकर वन विभाग तथा ग्रामीणों के नाकों में दम कर देने वाले खतरनाक लोनर हाथी अब सूरजपुर वनमंडल का रूख कर लिया है। ड्रोन कैमरे से लोकेशन ढूंढने पर आज सुबह लोनर हाथी का लोकेशन पड़ोसी सूरजपुर वनमंडल के जंगल में मिला, जहां वह एक स्थान पर विचरण कर रहा था। इसकी सूचना परिक्षेत्र सहायक मंगल सिंह नायक द्वारा सूरजपुर के वन अधिकारियों को दी गई, जिस पर उन्होंने ड्रोन के सहारे इसकी पुष्टि की और अपने परिक्षेत्र सहायक पंकज झा, बीट गार्ड चरण सिंह व अन्य अमले को मौके पर रवाना कर लोनर की निगरानी तेज कर दी है।
बताया जाता है कि लोनर पुटा के जंगल से गत रात्रि मूवमेंट किया और ताराघाटी होते हुए सूरजपुर वनमंडल की सीमा में प्रवेश करते ही विचरण करने लगा। इस दौरान केंदई रेंजर अभिषेक दुबे के नेतृत्व में परिक्षेत्र सहायक मदनपुर मंगल नायक, वन रक्षक पवन बिंझवार, चौकीदार मोहन सिंह, ऑपरेटर सुभाष नायक ड्रोन कैमरे से लगातार हाथी की निगरानी करते रहे।
ज्ञात रहे यह लोनर हाथी सरगुजा वनमंडल से जिले में प्रवेश किया था और वनमंडल कटघोरा के केंदई रेंज के मदनपुर सर्किल में पहुंचकर लगातार उत्पात मचा रहा था। इस दौरान हाथी ने जहां तीन ग्रामीणों के मकान को ढहा दिया, वहीं पतुरियाडांड में एक वृद्ध महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। लोनर के आतंक से क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीण काफी दहशत में थे। वहीं इसकी निगरानी व ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर वन विभाग के अधिकारियों की चिंता भी बढ़ गई थी, क्योंकि लोनर बेकाबू हो रहा था। लोनर के लोकेशन बदलने से वन विभाग ने कुछ राहत की सांस ली है।







