बेमेतरा। ग्राम राउरपुर में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डूबा दिया। जर्जर कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य भोजन करने के बाद घर के बाहर बर्तन साफ कर रहे थे। इसी दौरान शशिकला खंडेलवाल कच्ची दीवार के पास बैठकर बर्तन मांज रही थीं। उनके साथ 12 वर्षीय वंशिका कोशले और 10 वर्षीय राधिका कोशले भी मौजूद थीं। तभी अचानक वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, तीनों मलबे में दब गए।
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक वंशिका और राधिका ने दम तोड़ दिया था। दोनों बच्चियों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल शशिकला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।







