कोरबा। किन्नर समाज की अध्यक्ष मालती किन्नर का रविवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार सुबह शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से किन्नर समाज सहित सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मालती किन्नर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं और किन्नर समाज के हितों एवं अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही समाज के लोगों, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक व्याप्त हो गया। उनके निधन को किन्नर समाज और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन से समाज ने एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और मार्गदर्शक को खो दिया है।
मालती किन्नर के निधन पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और भाजपा के वर्तमान मंत्री लखनलाल देवांगन ने शोक व्यक्त किया। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मालती किन्नर के निधन को सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी थीं और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती थीं। उनके सहज और सेवाभावी व्यक्तित्व ने शहर में उन्हें अलग पहचान दिलाई। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए किन्नर समाज, परिजनों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।







