कोरबा । तुमान-कटघोरा पेंड्रा रोड के बिझरा स्थित कहुआ पुल के बीचोंबीच सड़क पर बड़ा गड्ढा किसी बड़े हादसे को निमंत्रण दे रहा है। इस पुल पर कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती है। समय रहते पुल के गड्ढे को नहीं पाटा गया तो अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
इस पुल पर गड्ढे की वजह से हादसे भी हो चुके हैं। बाइक सवार प्रतिदिन गड्ढे की वजह से नियंत्रण खो रहे हैं। बड़े वाहनों को स्टेयरिंग नियंत्रण से बाहर हो जाता है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सड़क पर निर्मित गड्ढे को संज्ञान में नहीं ले रहे है। इस गड्ढे में कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। गड्ढे की वजह से वाहनों के कलपुर्जे भी खराब हो रहे हैं। पुल से गुजरने वाले एक राहगीर ने बताया कि बाइक से पत्नी को लेकर पुल से गुजर रहा था। पुल पर गड्ढा होने की जानकारी नहीं थी। अचानक बाइक इस गड्ढे के उपर से गुजरी तो झटके की वजह से पीछे बैठी पत्नी घबरा गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। रात के समय परेशानी और भी बढ़ जाती है। दूर से गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। संबंधित विभाग को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।







