Home » जटगा रेंज से 17 हाथियों का दल पहुंचा सेमरहा, वन अमला सतर्क
कोरबा छत्तीसगढ़

जटगा रेंज से 17 हाथियों का दल पहुंचा सेमरहा, वन अमला सतर्क

कोरबा। वनमंडल कटघोरा में हाथियों की सक्रियता लगातार बनी हुई है, जहां वनमंडल के जटगा रेंज में 17 हाथियों का दल अब पसान रेंज के सेमरहा पहुंच गया है, वहीं एतमानगर रेंज के रिंगनिया सर्किल में सक्रिय 18 हाथी ने बीती रात उत्पात मचाते हुए गौरछापर गांव में सात किसानों की धान की फसल को तहस-नहस कर दिया है।

हाथियों का दल शाम होने के बाद जंगल से निकला और सीधे खेतों में पहुंचकर उत्पात मचाने लगा। इस दौरान हाथियों ने खेत में लगे धान की फसल को रौंदकर तहस-नहस कर दिया। हाथियों का दल काफी देर तक यहां उत्पात मचाने के बाद सुबह होने से पहले जंगल का रूख किया और वहां जाकर विश्राम करने लगा है।

इधर जटगा रेंज में मौजूद 17 हाथियों के पसान में पहुंचने से जटगा के अमले ने कुछ राहत महसूस की है, वहीं पसान रेंज के अधिकारियों की परेशानी बढ़ गई है। हाथियों के आते ही वन अमला सतर्क होने के साथ ही सेमरहा व आसपास के गांवों में मुनादी कराने के अभियान में जुट गया है। ग्रामीणों को बड़ी संख्या में हाथियों के क्षेत्र में आने की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने को कहा जा रहा है। जहां सेमरहा क्षेत्र में 17 हाथी पहुंच गए हैं वहीं केंदई रेंज के कापानवापारा में भी 15 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों का यह दल अधिकांश समय जंगल में ही रहता है।

Search