कोरबा। वन विभाग ने अवैध सागौन कटाई और तस्करी मामले में कार्रवाई करते हुए 26 नग सागौन के लट्ठ जब्त किए हैं। वन विभाग की टीम ने रात्रि गश्ती के दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर तलाशी ली, जिसमें करीब 2 घन मीटर सागौन लकड़ी लदी मिली। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लागग 85 हजार रुपए आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग को सूचना मिली थी कि कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत भुलसीडीह क्षेत्र के जंगल से सागौन की अवैध कटाई कर उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने ग्राम झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के बीच वन मार्ग पर विशेष रात्रि गश्ती शुरू की।
गश्ती के दौरान जंगल की ओर से आ रहे बोलेरो मैक्स पिकअप को वनकर्मियों ने रोककर जांच की। तलाशी लेने पर वाहन में 26 नग सागौन के लट्ठे मिले। चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद वन विभाग ने वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत वाहन और सागौन की लकड़ी दोनों जब्त कर लीं। मामले में वन अपराध प्रकरण पीओआर क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







