Home » सो रहा था परिवार, सांप ने तीन को डसा, दो की मौत, एक गंभीर
कोरबा

सो रहा था परिवार, सांप ने तीन को डसा, दो की मौत, एक गंभीर

कोरबा। सोते समय सांप के डसने से एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई। वहीं तीसरे सदस्य की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चल रहा है। घटना बालको थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार  बालको प्लांट में ठेका कामगार के रूप में काम करने वाला 52 वर्षीय चूड़ामणि भारद्वाज, पत्नी 41 वर्षीय रजनी और 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस के साथ कमरे में सोए हुए थे।  शुक्रवार तड़के करीब चार बजे घर के इसी कमरे में एक जहरीला सांप घुस गया और सो रहे तीनों लोगों को डस दिया। घटना की जानकारी होने पर चूड़ामणि के भाई द्वारिका ने तीनों को तुरंत गोपालपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां अंदर से ताला बंद था, आधे घंटे तक आवाज लगाने पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी बाहर आई और उसने कहा कि इंजेक्शन नहीं है, इसलिए इलाज नहीं हो सकता। उसने इलाज करने से मना कर दिया।

इसके बाद तीनों को ऑटो में ही जिला मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, पिता और पुत्र की इलाज के दौरान ही मौत हो गई। वहीं मां की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है समय रहते अगर एंट्री स्नेक वेनम लग जाता तो शायद जान बच सकती थी। कहीं ना कहीं बड़ी लापरवाही स्वास्थ्य कर्मी की भी सामने आई है।

इस मामले में सर्प के द्वारा काटे जाने की घटना में दो व्यक्तियों की मौत को लेकर जिले के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी एसएन केसरी का कहना है कि  उनके संज्ञान में यह मामला आया है। केसरी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में हाल ही नियुक्त कर्मचारी ने मरीज को देखे बिना रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Search

Archives