Home » आठ दिन बाद भी लापता युवती का सुराग नहीं : परिजनों का आरोप- युवक ने आत्महत्या के लिए युवती को किया प्रेरित
कोरबा

आठ दिन बाद भी लापता युवती का सुराग नहीं : परिजनों का आरोप- युवक ने आत्महत्या के लिए युवती को किया प्रेरित

कोरबा।  राताखार डेम में 18 सितंबर को प्रेम प्रसंग के चलते राहुल नामदेव और शीलू त्रिपाठी ने 25 फीट ऊंचाई से छलांग लगाई, जहां युवक टापू पर फंसकर बच गया लेकिन युवती तेज बहाव में लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक ने धमकी देकर युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित किया, जबकि एसडीआरएफ और नगर सेना की टीमें बिलासपुर से बुलाकर लगातार तलाश जारी रखे हुए हैं।

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राताखार डेम में 18 सितंबर की सुबह 10 बजे लगभग घटना सामने आई थी। जहां आज 8 दिन बीत गए, लेकिन युवती का अब तक पता नहीं चल सका है। 18 सितंबर को एक अज्ञात युवक तेज बहाव के बीच बने टापू पर फंस गया था। डेम पर मछली पकड़ रहे मछवारों की नजर पड़ने पर इसकी सूचना 112 और कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। जहां कोतवाली थाना पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए युवक को बचाने का प्रयास करने में जुट गई। चूंकि पानी का बहाव बहुत तेज था।

इसकी सूचना नगर सेना की गोताखोर की टीम को दी गई। जहां मौके पर पहुंचे गोताखोर ने घंटो मशक्कत के बाद युवक का रेस्क्यू किया।

लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद नगरसेना और डीडीआरएफ की टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राहुल नामदेव बताया और युवती को शीलू त्रिपाठी बताया।

युवक ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं लेकिन घरवालों ने शादी से इनकार कर दिया। इसी कारण दोनों ने जान देने के इरादे से डेम से छलांग लगाई थी। इस घटना को लगभग 8 दिन बीत गए हैं, लेकिन युवती का अब तक पता नहीं चल सका, जिसकी खोजबीन जारी है। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक ने आत्महत्या के लिए बेटी को प्रेरित किया है।

परिजनों का कहना है कि घटना के एक दिन पहले युवक घर आया था और शादी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देकर गया था। घटना दिनांक को युवक ने युवती को आत्महत्या करने के लिए प्रेरित किया है।

इस मामले में कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि 18 सितंबर को यह घटना सामने आई थी, जहां युवती की हसदेव में डूबने की सूचना पर लगातार तलाश की जा रही है। बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई जा रही है। वहीं नगर सेना की गोताखारों की टीम तलाश जारी है। हसदेव नदी किनारे जो भी गांव है, वहां कोटवार के माध्यम से मुनादी कर सूचना दी गई है।

Search