Home » ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून के कर्मचारी ने लगाई फांसी, रात में पिता को किया था आखिरी कॉल
कोरबा छत्तीसगढ़

ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून के कर्मचारी ने लगाई फांसी, रात में पिता को किया था आखिरी कॉल

कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। बरपाली निवासी रोहन उर्फ अमन श्रीवास का शव टीपी नगर के पास किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरपाली निवासी रोहन उर्फ अमन श्रीवास टीपी नगर के पास किराए के कमरे में रहता था और ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में कार्यरत था।

बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे उसकी अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद देर रात करीब 2.30 बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया, जहां वह बातचीत के दौरान रो रहा था। सुबह परिजनों ने कई बार फोन लगाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रोहन उर्फ अमन का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल सीएसईबी चौकी पुलिस को दी गई।

बताया जा रहा है कि रोहन उर्फ अमन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन है। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल सीएसईबी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

आत्महत्या पर संदेह

रोहन की लाश फांसी पर लटकी मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आत्महत्या पर संदेह व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि रोहन ने कपड़े की रस्सी के सहारे पंखे पर लटककर आत्महत्या की है, लेकिन उसका पैर बेड पर सटा हुआ है। रोहन ने रोते हुए आखिरी बार अपने पिता से बात की थी। ऐसे में आत्महत्या पर संदेह व्यक्त किया गया है। इस तरह आत्महत्या जैसा कदम वहीं उठा सकता है, जो पूरी तरह टूट चुका होता है या फिर किसी के धमकी से भयभीत हो। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस को हर एंगल से जांच करने की आवश्यकता है।

Search

Archives