Home » बिस्तर पर लेटते ही दिखा कोबरा, तपाक से उठकर कमरे से बाहर आया मकान मालिक, फिर सफल रेस्क्यू
कोरबा

बिस्तर पर लेटते ही दिखा कोबरा, तपाक से उठकर कमरे से बाहर आया मकान मालिक, फिर सफल रेस्क्यू

कोरबा।  ग्राम बरमपुर में गुरुवार देर रात एक घर में जहरीले कोबरा सांप के घुसने से हड़कंप मच गया। कच्चे मकान के छज्जे पर करीब पांच फीट लंबा कोबरा लटका हुआ फुंफकार रहा था। सांप को देखते ही घर में मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बज रहे थे और मकान मालिक प्रकाश यादव का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी कमरे के छज्जे से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर करीब पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा छज्जे से लटका नजर आया। सांप को देखते ही लोगों के होश उड़ गए। घबराकर कमरे से बाहर आए। इसके बाद घर के सदस्यों ने इसकी जानकारी  स्नेक कैचर को दी। सूचना मिलते ही मानस यादव और उमेश यादव की टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि कोबरा छज्जे की दरार में छिपा हुआ था, जिससे उसे निकालना आसान नहीं था।

रेस्क्यू के दौरान टीम को करीब 17 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जोखिम उठाना पड़ा। सांप तक पहुंचने के लिए मकान के एक हिस्से को भी आंशिक रूप से तोड़ना पड़ा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई और कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में अक्सर घरों की छत, स्टोर रूम, अनाज रखने की जगह और छज्जों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। साथ ही सावधानी बरतने की अपील की गई है। वन विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Search

Archives