कोरबा। कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र के गोलाबाहरा गांव में रविवार देर शाम हाथी हमले में एक महिला की मौत हो गई, वहीं बेटी ने भागकर जान बचाई।दरअसल मां-बेटी ठंड से राहत पाने आग ताप रहे थे। इसी दौरान अचानक हाथी ने हमला कर दिया। किसी तरह बेटी तो बच गई, लेकिन मां को हाथी ने कुचल कर मार डाला। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग और पुलिस को दी गई।
बताया जा रहा है कि इंद्रकुंवर और बेटी अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर खेत स्थित खनियार में धान साफ कर आग ताप रहे थे। इस दौरान अचानक वहां हाथी पहुंच गया। मां-बेटी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। बेटी जैसे-तैसे भागकर जान बचाई, लेकिन महिला को हाथी ने कुचल डाला। हाथी हमले में 80 वर्षीय वृद्धा इंद्रकुंवर की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद से आसपास के गांवों में दहशत बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों से जंगल या खेत की ओर अकेले नहीं जाने और सतर्क रहने कहा है।







