प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्रों का गुस्सा शनिवार सुबह फूट पड़ा। हॉस्टल की खराब व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, खाने में कीड़े मिलने और प्राचार्य व अधीक्षक के कथित दुर्व्यवहार से नाराज़ छात्र-छात्राएं सुबह 7 बजे से कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया।
इस प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए। भोजन में कीड़े निकलने और बेहद खराब गुणवत्ता का आरोप लगाया। प्राचार्य डॉ. असद अहमद और अधीक्षक द्वारा अभद्र व्यवहार करने, हॉस्टल और स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी जैसी समस्याओं की शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप लगाया
पहले भी विधायक का काफिला रोक चुके हैं छात्र
यह पहली बार नहीं है जब छात्रों ने विरोध किया हो। इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर विद्यार्थियों ने स्थानीय विधायक का काफिला रोककर प्रदर्शन किया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से एक बार फिर आंदोलन करना पड़ा।
प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
स्थिति बिगड़ने पर तहसीलदार, एसडीएम, पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। छात्रों ने प्राचार्य को हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
आखिरकार कलेक्टर से चर्चा और प्रशासन द्वारा जांच कर कार्रवाई के लिखित आश्वासन के बाद छात्रों ने चक्का जाम समाप्त किया। इसके बाद कटघोरा-कोरबा मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।







