Home » कटघोरा के कारखाना एरिया में दो कारों की हुई भिड़ंत, अंधा मोड़ बना हादसे की वजह
कोरबा छत्तीसगढ़

कटघोरा के कारखाना एरिया में दो कारों की हुई भिड़ंत, अंधा मोड़ बना हादसे की वजह

कोरबा। कटघोरा नगर के कारखाना एरिया में दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, राहत की बात है कि हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार कारखाना एरिया का यह अंधा मोड़ लंबे समय से हादसों का कारण बना हुआ है। मोड़ पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देने के कारण अक्सर वाहन चालक अचानक आमने-सामने आ जाते हैं। इसके चलते यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों में भय का माहौल है।

रहवासियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस स्थान पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। लोगों ने नगर पालिका से तत्काल स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और यातायात संकेतक लगाने की मांग की है। साथ ही रात के समय बेहतर रोशनी की व्यवस्था करने की भी गुहार लगाई गई है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय दुर्घटना संभावित इस मोड़ पर समय रहते जरूरी कदम उठाने चाहिए। यदि जल्द सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में यहां बड़ा हादसा होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

Search

Archives