कोरबा। पल-पल बदलते मौसम के कारण कभी तेज गर्मी तो कभी बारिश ने जहां लोगों को हलाकान कर रखा है वहीं बिलों में रहने वाले जीव-जंतु भी बेचैन हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से लगातार सांप बिलों से बाहर आ रहे हैं। वहीं विभिन्न प्रजाति के सांपों का बिलों से बाहर निकल कर इधर-उधर घुस जाने का सिलसिला जारी है। शहर क्षेत्र में दो कोबरा और एक घोड़ा करैत का जोखिम भरा रेस्क्यू रोंगटे खड़े कर देने वाला रहा।
कोरबा जिले के कोहड़िया गांव में रविवार की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक दुकान में रखे साउंड बॉक्स से अचानक म्यूजिक की जगह कोबरा की फुफकार सुनाई देने लगी। आवाज सुनकर दुकानदार और आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना Reptile Care and Rescuer Society (RCRS) टीम को दी। सूचना मिलते ही RCRS टीम के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अविनाश यादव की निगरानी में टीम सदस्य अतुल ने साहस और अनुभव का परिचय देते हुए सावधानीपूर्वक साउंड बॉक्स खोला। जैसे ही बॉक्स खुला, अंदर ज़हरीला कोबरा कुंडली मारकर बैठा हुआ था।
कुछ देर की मशक्कत के बाद अतुल ने बड़े ही सुरक्षित तरीके से कोबरा को बॉक्स से बाहर निकाला और पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। इस पूरे रेस्क्यू के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और RCRS टीम की सराहना की।
रिसदी के पान दुकान में फैली दहशत– इसी कड़ी में रिसदी के एक पान दुकान में जहरीला घोड़ा करैत निकला। दुकान में अचानक घोड़ा करैत सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही दुकान संचालक घबरा गया और तुरंत इसकी सूचना RCRS संस्था के अध्यक्ष अविनाश यादव को दी।अविनाश यादव ने टीम के सदस्य सागर, अजय, अतुल के साथ मौके पर पहुँच कर थोड़ी देर सावधानीपूर्वक सर्च करने के बाद उन्होंने सांप को ढूंढ निकाला। विशेषज्ञता और पूरी सतर्कता से काम करते हुए टीम ने इस जहरीले कॉमन करैत को बिना किसी नुकसान के सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। अविनाश यादव ने कहा कि RCRS संस्था लगातार लोगों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सक्रिय है। सांप निकलने पर डरने की बजाय तुरंत RCRS हेल्पलाइन को सूचना दें। RCRS का हेल्पलाइन नंबर: 9827917848, 9009996789, 7987957958 है।







