कोरबा। भालू हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया है। अपनी जान बचाने के लिए वृद्ध ने भालू से लोहा ले लिया। दोनों के बीच हुए संघर्ष में आखिरकार भालू को जंगल की ओर भागना पड़ा। हालांकि इस संघर्ष में भालू ने ग्रामीण को बुरी तरह जख्मी किया है। घटना कोरबा वनमंडल के पसरखेत रेंज अंतर्गत ग्राम पतरापाली की है।
बताया जा रहा है कि पतरापाली के आश्रित ग्राम बोइरझूमर टिकरा का निवासी जोतराम राठिया 64 वर्ष 14 सितंबर की देर शाम तक मवेशियों के घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश के लिए जंगल की ओर गया था। इसी बीच मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने जोतराम घर लौट रहा था कि इसी बीच उसका सामना भालू से हो गया। भालू ने जोतराम पर हमला कर दिया।
अपनी जान बचाने के लिए जोतराम ने भी भालू से लोहा ले लिया। दोनों के बीच कुछ समय तक खूनी संघर्ष चलता रहा। आखिरकार भालू जंगल की ओर भाग गया, लेकिन इस संघर्ष में ग्रामीण भी बुरी तरह जख्मी हो गया। भालू ने उसके हाथ-पैर, सिर, व आंख पर नाखून से नोंच कर जख्म दिए हैं। इसके बाद खून से लथपथ जोतराम किसी तरह घर पहुंचा। सरपंच ने वन विभाग तक जानकारी पहुंचाई। मौके पर पहुंचे वन अमले ने तत्काल सहायता राशि 2 हजार रुपये देते हुए जोतराम राठिया को एंबुलेंस के जरिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया है।







