Home » मवेशी से टकराई बाइक-दो घायल, सड़क पर प्रकाश की व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
कोरबा • छत्तीसगढ़

मवेशी से टकराई बाइक-दो घायल, सड़क पर प्रकाश की व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

गौसेवकों ने घायल दुधारू मवेशी को सड़क से हटाया

कोरबा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पंचायत फरसवानी के पास सड़क़ पर मौजूद दुधारू मवेशी से बाइक टकरा गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए चांपा चिकित्सालय भेजा गया। बताया जा रहा है। एक घायल को मामूली चोट आई है, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे गौसेवकों ने घायल दुधारू मवेशी को भी सडक से सुरक्षित किनारे किया और उसका प्राथमिक उपचार किया। इससे सड़क पर दोबारा किसी वाहन की चपेट में आने से मवेशी को बचाया जा सका। हादसे के बाद फरसवानी क्षेत्र में सड़क की प्रकाश व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद मवेशी और अन्य बाधाएं समय पर दिखाई नहीं देतीं। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क़ किनारे कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई गई है, लेकिन कई लाइटें बंद पड़ी रहती हैं। प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने और अतिरिक्त लाइट लगाने को लेकर एनएच प्रबंधन से कई बार आग्रह किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

मवेशियों की सुरक्षा भी चिंता का विषय

ग्रामीणों ने कहा कि रात में अंधेरे के कारण केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि सड़क़ पर घूमने वाले मवेशी भी दुर्घटनाओं की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने फरसवानी क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने और सड़क पर आवारा मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों और उच्च स्तर पर की जाएगी।

Search