Home » बारपाली-गिरारी मार्ग पर मंडराया बड़ा खतरा, अंदर धसी सड़क, कभी भी हो सकता है हादसा
कोरबा छत्तीसगढ़

बारपाली-गिरारी मार्ग पर मंडराया बड़ा खतरा, अंदर धसी सड़क, कभी भी हो सकता है हादसा

कोरबा। कोरबा जिले के कोरबा सबडिवीजन अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क़ योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित बारपाली से गिरारी जाने वाले मुख्य मार्ग पर बड़ा खतरा पैदा हो गया है। सड़क़ के बीच एक हिस्सा अंदर से पूरी तरह खोखला हो चुका है, जिससे सड़क़ पर बड़ा होल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क़ किसी भी समय पूरी तरह धंस सकती है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ऩे वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस सड़क़ से हजारों ग्रामीणों के साथ-साथ सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर और दैनिक आवागमन करने वाले लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में सडक़ की वर्तमान स्थिति लोगों की चिंता का कारण बन गई है। जानकारों का मानना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क़ के नीचे की मिट्टी और आधार परत (सबग्रेड) कमजोर हो गई है, जिससे सड़क़ अंदर से खोखली होकर धंसने लगी है।

यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सडक़ का बड़ा हिस्सा अचानक बैठ सकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय यह खतरा और भी बढ़ जाता है। अंधेरे में वाहन चालकों को सड़क़ के धंसे हुए हिस्से का अंदाजा नहीं लग पाता। यदि किसी भारी वाहन का दबाव इस स्थान पर पड़ा तो सडक़ का बड़ा हिस्सा धंस सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि प्रभावित स्थान का तत्काल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाए। साथ ही, जब तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक वहां बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि वाहन चालक सतर्क रह सकें और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।  क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते यदि इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। फिलहाल सड़क़ पर बना यह धंसाव लोगों के लिए चिंता और खतरे का कारण बना हुआ है।

Search

Archives