
कोरबा। सोमवार की देर रात सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पीपरपारा कोहड़िया में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए जेवर व नगदी सहित लाखों की चोरी को अंजाम दिया था। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने मकान मालिक को घटना को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चोरों की पतसाजी के लिए स्नीफर डॉग बाघा को मौके पर बुलाया। बाघा ने पुलिस को आरोपी युवक तक पहुंचाया। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।मिली जानकारी के अनुसार पीपरपारा कोहड़िया निवासी विनोद कुमार साहू सपरिवार मेला देखने के लिए कटघोरा गए हुए थे। मेला देखने के बाद एक रिश्तेदार के घर कटघोरा में ही रुके हुए थे। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने उन्हें घर में चोरी की जानकारी दी। दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। जानकारी मिलते ही विनोद अपने परिवार के साथ अपने घर वापस लौटे। घर के अंदर अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे 50 तोला चांदी के गहने, सामान और एक लाख नगद गायब थे। मकान मालिक ने बताया कि तेल का टीपा और कुछ सामान भी चोर अपने साथ ले गए हैं। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर डॉग बाघा को भी लाया गया। पुलिस जांच के दौरान बाघा ने मौके पर मौजूद सामानों की गंध लेने के बाद आसपास क्षेत्र में घुमते हुए युवक तक पहुंचा। पुलिस ने तत्कालयुवक को हिरासत में ले लिया। सीएसईबी चौकी प्रभारी प्रेम साहू ने बताया कि स्नीफर डॉग बाघा की मदद से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी बस्ती का ही रहने वाला है।—







