कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के वनांचल में एक नाबालिग की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे पेट दर्द की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। परीक्षण के दौरान डॉक्टरों को उसके गर्भवती होने का पता चला।
नाबालिग ने दो दिन पहले दर्द की दवा खा ली थी, जिससे उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। डॉक्टरों ने पीड़िता की जान बचा ली, लेकिन नवजात की पहले ही मौत हो चुकी थी। अस्पताल पुलिस ने लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने मामले की जानकारी होते ही कार्रवाई शुरू की। पूछताछ में पता चला कि गांव का 19 वर्षीय सुरेश कुमार नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर दैहिक शोषण कर रहा था। पुलिस ने तत्काल आरोपी सुरेश कुमार को हिरासत में ले लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया है।
नाबालिग की मां पति की मौत के बाद तीन बच्चों का पालन पोषण कर रही है। उसकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी स्कूल के बाद घर में रहती है। 15 मार्च रविवार को देर रात किशोरी को पेट दर्द शुरू हुआ और वह पूरी रात दर्द से कराहती रही। इसके बाद अगले दिन सुबह मां उसे इलाज के लिए अस्पताल लाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।







