कोरबा। जिले के पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए 24 वर्षीय एसईसीएल कर्मी नदी में बह गया। लगभग 24 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने उनका शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी युवक अपने पांच मित्रो के साथ सतरेंगा गए थे। बताया जा रहा हैं कि सभी मित्र नदी में बने एक टापू तक जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उक्त युवक लौटते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। डूबने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद श्यांग पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा और नदी में तेज बहाव के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
24 घंटे बाद मिला युवक का शव
नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 11.30 बजे सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया।
लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। शव को फिलहाल एसईसीएल अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है और मृतक की मां के आने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
अनुकंपा नियुक्ति के तहत मिली थी नौकरी
उसके परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी क्षति है। चार साल पहले उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई साल से एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत थे।
इस घटना के बाद सतरेंगा पहुंचे अन्य पर्यटकों में भी चिंता देखी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी और जलाशयों के गहरे इलाकों में जाने से बचें और अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।







