कोरबा- तुमान। ग्रामीणों को पेयजल की बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत तुमान खोडरी में विशाल पानी टंकी का निर्माण किया गया है। टंकी का निर्माण को लंबा समय बीत चुका है, लेकिन ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। टंकी निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। टंकी की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त होने लगी हैं। लाखों की लागत से निर्मित विशाल पानी की टंकी शोपीस बनकर रह गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि शुद्ध पेयजल नहीं मिलने की वजह से कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बोर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। खास बात यह है कि टंकी निर्माण को लंबा समय बीत जाने के बाद भी ग्राम पंचायत को सुपुर्द नहीं किया गया है। टंकी निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है। सीढ़ियां क्षतिग्रस्त होने लगी हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि टंकी भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। ऐसे में अगर टंकी से पानी की सप्लाई दी जाती है आने वाले समय में टंकी की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा निर्मित हो सकता है।







