Home » ट्रेजरी घोटाला : वेतन मद से तीन करोड़ रूपए से अधिक की फर्जी निकासी, अकाउंटेंट गिरफ्तार
झारखंड

ट्रेजरी घोटाला : वेतन मद से तीन करोड़ रूपए से अधिक की फर्जी निकासी, अकाउंटेंट गिरफ्तार

झारखंड। बोकारो जिले में ट्रेजरी से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस वेतन मद से तीन करोड़ 15 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी को लेकर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर ट्रेजरी ऑफिसर गुलाब चंद उरांव ने बीएस सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। जांच के दौरान कोषागार अभिलेखों और बैंक खातों की पड़ताल में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पुलिस उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह के नाम पर वित्तीय वर्ष 2024-25 के मई 2024 से मार्च 2026 तक वेतन मद से राशि निकाली गई और उसे अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडेय ने इस राशि को अपनी पत्नी के बैंक खाते में स्थानांतरित कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया है।

संबंधित खातों को फ्रीज करने के बाद विभागीय कार्रवाई के निर्देश :  उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी को जिम्मेदारी सौंपी थी। उनकी प्रारंभिक जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने संबंधित खातों को फ्रीज करने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पुलिस अधीक्षक को भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे मामले की निगरानी स्वयं उपायुक्त द्वारा की जा रही है।

Search

Archives