जांजगीर चांपा। महामाया मंदिर में 16-17 जनवरी की दरमियानी रात दान पेटी से लाखों रुपये चोरी करने वाले आरोपी रॉकी भारतेंदु (19) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी की घटना में उपयोग किया गया हथौड़ा, पेचकश और आरोपी के पास से 4200 रुपये नकदी रकम बरामद की गई। वहीं, चोरी के मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद हुई थी। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
महावीर यादव ने अकलतरा थाने में महामाया मंदिर में अज्ञात चोरों के द्वारा मंदिर के दान पेटी के ताले को तोड़कर उसमें रखे लगभग 1-1.25 लाख रुपये चोरी होने की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस पर अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अकलतरा थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच पर पता चला कि तीन नकाबपोश चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।







