Home » तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को मारी टक्कर, भाई-बहन की दर्दनाक मौत
जांजगीर-चांपा

तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को मारी टक्कर, भाई-बहन की दर्दनाक मौत

जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम जावलपुर में तेज रफ्तार थार कार ने स्कूटी सवार  को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार भाई-बहन दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ग्राम दहकोनी निवासी विनोद कौशिक (25) और कापन निवासी खुशी कश्यप (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। वहीं, थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।

सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के अनुसार, कापन निवासी खुशी कश्यप मंगलवार शाम अपनी स्कूटी से ग्राम दहकोनी स्थित अपने भाई विनोद कौशिक के घर पहुंची थी। वहां से दोनों अपने मामा के गांव जावलपुर में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। स्कूटी विनोद चला रहा था।

दोनों जावलपुर पहुंचने ही वाले थे कि बलौदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार कार (सीजी 10 बीएम 7214) के चालक संस्कार ने विपरीत दिशा में आकर स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और थार चालक संस्कार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया है। बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

Search

Archives