Home » तेज रफ्तार ट्रैक्टर- ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटा, 2 युवकों की मौके पर मौत, बुजुर्ग ने अस्पताल में तोड़ा दम
जांजगीर-चांपा

तेज रफ्तार ट्रैक्टर- ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटा, 2 युवकों की मौके पर मौत, बुजुर्ग ने अस्पताल में तोड़ा दम

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के संकर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके पर 2 युवकों की मौत हो गई, वहीं 80 साल की बुजुर्ग महिला ने बिलासपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। करीब 30 ग्रामीण घायल हैं। गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को बिलासपुर रेफर किया गया है। सभी महाशिवरात्रि का मेला देखकर ट्रैक्टर से वापस लौट रहे थे। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।अकलतरा थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि ग्राम संकर में रहने वाले करीब 30 से ज्यादा लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर परसही नाला गांव में आयोजित महाशिवरात्रि मेला घुमने गए हुए थे। वहां से शनिवार देर शाम सभी वापस लौट रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित सड़क किनारे से 5 फीट नीचे जाकर पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। हादसे में दुर्गेश सिंह ठाकुर (19 वर्ष) और युगल किशोर पटेल (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 30 ग्रामीण घायल हो गए। महिला-पुरुष समेत दर्जन भर लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने सभी घायलों को अकलतरा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 8 लोगों को बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बिलासपुर में इलाज के दौरान 80 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है। कुछ लोगों का इलाज अकलतरा सीएचसी में भी हो रहा है। जिन्हें मामूली चोट आई थी। उन्हें प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों के शव रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर चालक युगल किशोर पटेल तेज रफ्तार में टैक्टर चला रहा था। गांव के मोड़ पर वह ट्रैक्टर को नियंत्रित नहीं कर सका। ट्रैक्टर इंजन और ट्रॉली सहित सड़क किनारे 5 फीट नीचे जा गिरा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर गांववालों की भीड़ जमा हो गई। इन्हीं में से किसी ने पुलिस को सूचना दी।

Search

Archives