
जांजगीर-चांपा। तेज रफ्तार ट्रैक्टर का ट्रॉली पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई। घटना जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम संकर के पास की है।
जानकारी के अनुसार करीब 3 दर्जन ग्रामीण परसही नाला गांव में आयोजित महाशिवरात्रि का मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर जांजगीर-चांपा के ग्राम संकर के पास पहुंची ही थी कि ट्रैक्टर चालक युगल किशोर पटेल का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया और मोड़ के पास ट्रैक्टर इंजन और ट्रॉली सहित सड़क किनारे 5 फीट नीचे जा गिरी। इससे ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों के बीच चीख-पुकार मच गई। शोर-शराबा सुनकर मौके पर गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायलों को अकलतरा सीएचसी में भर्ती कराया गया। ईलाज के दौरान एक की मौत हो गई वहीं दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घटना में करीब 30 ग्रामीण घायल हुए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को बिलासपुर रेफर किया गया है।
अकलतरा थाना प्रभारी उमेश साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि संकर गांव के रहने वाले 30 से ज्यादा लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर परसही नाला गांव में आयोजित महाशिवरात्रि के मेले में गए हुए थे। वहां से शनिवार देर शाम ये सभी वापस लौट रहे थे इस दौरान यह घटना घट गई। कुछ लोगों का इलाज अकलतरा सीएचसी में भी हो रहा है जिन्हें मामूली चोटें आई है। कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। सभी लोग गांव संकर के निवासी बताए जा रहे हैं।







