श्रीलंका की कुरुविता जेल में शुक्रवार को कैदियों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो कैदियों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जेल में हिंसा की यह दूसरी घटना है। इससे पहले कोलंबो की मुख्य रिमांड जेल में भी झड़प हुई थी, जिसमें एक कैदी की मौत और 11 लोग घायल हुए थे। न्याय मंत्री हर्षना नानायक्कारा ने बताया कि कुरुविता जेल में मादक पदार्थों का एक पैकेट पकड़े जाने और एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद तनाव बढ़ा। उनका कहना है कि यह सरकार के नशा विरोधी अभियान के खिलाफ प्रतिक्रिया हो सकती है।
दोनों जेलों में सेना तैनात कर हालात पर काबू पा लिया गया है। हाल के सप्ताहों में श्रीलंका की कई जेलों में हिंसा हुई है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि जेलों में अत्यधिक भीड़भाड़ ऐसी घटनाओं की प्रमुख वजह है।







