Home » सीरिया में ISIS ठिकानों पर ट्रंप ने किया हमला, 70 ठिकाने तबाह, कहा- नए युद्ध की शुरूआत नहीं, बदले की कार्रवाई
दुनिया

सीरिया में ISIS ठिकानों पर ट्रंप ने किया हमला, 70 ठिकाने तबाह, कहा- नए युद्ध की शुरूआत नहीं, बदले की कार्रवाई

सीरिया में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के खिलाफ अमेरिका ने एक बड़ा और निर्णायक सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई उस घातक हमले के बाद की गई है, जिसमें अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक की जान चली गई थी। इस हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने साफ कर दिया था कि अमेरिका अपने नागरिकों की हत्या का जवाब जरूर देगा।

इसी कड़ी में शुक्रवार को अमेरिकी सेना ने सीरिया में आईएसआईएस के ठिकानों पर व्यापक हवाई हमले किए। अमेरिका ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह किसी नए युद्ध की शुरुआत नहीं है, बल्कि अपने मारे गए नागरिकों और सैनिकों के लिए बदले की कार्रवाई है।

अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के मुताबिक करीब एक हफ्ते पहले सीरिया के रेगिस्तानी इलाके में आईएसआईएस से जुड़े आतंकियों ने घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में दो अमेरिकी सैनिक और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिया की मौत हो गई थी। इस घटना ने वॉशिंगटन को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर इस्लामिक स्टेट को जिम्मेदार ठहराया और तत्काल कड़ी सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए। इसके बाद अमेरिकी सेना को सीरिया में मौजूद आईएसआईएस के नेटवर्क को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह सैन्य अभियान बेहद सुनियोजित और बड़े पैमाने पर अंजाम दिया गया। सीरिया के अलग-अलग इलाकों में फैले आईएसआईएस के करीब 70 ठिकानों को एक साथ निशाना बनाया गया। इन ठिकानों में आतंकी संगठन का बुनियादी ढांचा, हथियार भंडारण केंद्र, प्रशिक्षण शिविर और ऑपरेशनल कमांड से जुड़े अड्डे शामिल थे। अमेरिकी सेना का दावा है कि इन हमलों से ISIS को भारी नुकसान पहुंचा है और उसकी कई अहम क्षमताओं को खत्म कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ी तो आने वाले दिनों में इस तरह की और भी कार्रवाई की जा सकती है।

Search

Archives