Home » तेज रफ्तार बस ने ट्रक को पीछे से मारी टक्कर, 7 की मौत, 9 लोग घायल, कई भारतीय भी शामिल
दुनिया

तेज रफ्तार बस ने ट्रक को पीछे से मारी टक्कर, 7 की मौत, 9 लोग घायल, कई भारतीय भी शामिल

दुबई।  सोमवार को दुबई में एक मिनीबस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में कई भारतीय कामगारों की मौत हो गई है। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “दुबई में हुए इस दुखद हादसे से हम बेहद दुखी हैं, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान चली गई।” वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।

वहीं दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक अमीरात रोड के बीचोंबीच अचानक रुक गया था। उन्होंने एक बयान में कहा, “बस चालक ने कथित तौर पर ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी, जिसके चलते उसने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी।” उन्होंने आगे कहा, “इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच गंभीर रूप से घायल और चार मध्यम रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।”

भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा किया और घायल भारतीयों से मुलाकात की। ब्रिगेडियर जुमा सलेम ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए यातायात दुर्घटना जांच अनुभाग के विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है, ताकि वे निरीक्षण कर सटीक साक्ष्य जुटा सकें। उन्होंने कहा, “यातायात गश्ती दल ने यातायात को नियंत्रित किया, घटनास्थल को सुरक्षित किया और बचाव वाहनों के लिए आवागमन सुगम बनाया। कार्य दल ने क्षतिग्रस्त ट्रक और बस को भी हटाया ताकि यातायात सामान्य रूप से चल सके।”

Search

Archives