कीव। रूस ने यूक्रेन के चेरनिहिव और सुमी प्रांतों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए, जिसमें चार लोग मारे गए और कई घायल हो गए। इधर, यूक्रेन ने भी रूस में एक तेल रिफाइनरी व पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने और मास्को की तरफ कई ड्रोन से हमले का दावा किया।
रूस ने मास्को की तरफ बढ़ रहे चार ड्रोन को मार गिराने की बात कही है। यूक्रेनी अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि चेरनिहिव और सुमी को निशाना बनाया गया। जबकि रूसी हमले में ओडेसा क्षेत्र के इजमाइल शहर में बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
चेरनिहिव के गवर्नर वियाचेस्लाव चाउस ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि क्षेत्र के प्रायलुकी में एक बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया गया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और 14 वर्षीय एक किशोर समेत 17 घायल हो गए। हमले में एक व्यवसाय को निशाना बनाया गया और नजदीकी शॉपिंग सेंटर व सुपरमार्केट भी क्षतिग्रस्त हुए। जबकि पड़ोसी सुमी के गवर्नर ओलेह ने कहा, हमले में नागरिक ढांचों को निशाना बनाया गया। 52 और 58 साल के दो पुरुषों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। ये दोनों क्षेत्र रूस की सीमा से सटे हैं और युद्ध के दौरान लगातार हमलों का सामना कर रहे हैं।
इधर, कीव के जनरल स्टाफ ने बताया कि यूक्रेन ने रूस के निजनी नोवगोरोड क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी और पंपिंग स्टेशन पर हमला किया। इन्हें कितना नुकसान पहुंचा है, इसका पता लगाया जा रहा है। नाटो के एक जेट ने एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। सीमा पार संबंधी इस तरह की ताजा घटना से बाल्टिक देशों में चिंता बढ़ गई है।
इधर, यूक्रेन ने इस घटना के लिए एस्टोनिया से माफी मांगी है और रूस को जिम्मेदार ठहराया है। उसने कहा कि रूस अपनी इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर तकनीक का इस्तेमाल करके यूक्रेनी ड्रोन को बाल्टिक क्षेत्र की ओर मोड़ देता है।







