इस्लामाबाद । पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत के जवाबी एक्शन ने ना सिर्फ पाकिस्तान को मिलिट्री लेवल पर झकझोरा, बल्कि उसकी टॉप लीडरशिप में भी डर पैदा कर दिया। पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने यहां तक कि खुद कबूल किया कि मई में हालात बिगड़ने के बाद उन्हें बंकर में शरण लेने की सलाह मिली थी। शनिवार को एक कार्यक्रम में भाषण देते हुए पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस बात का खुलासा किया।
पहलगाम हमले के जवाब में भारत की सैन्य कार्रवाई : बता दें कि मई में हुए इस सैन्य संघर्ष को भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया था, जिसे 22 अप्रैल के पहलगाम टेरर अटैक के जवाब में अंजाम दिया गया था। इस कायरतापूर्ण हमले में भारत के 26 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने मई में पाकिस्तान के सैन्य अड्डों पर स्ट्रैटेजिक और सटीक हमले किए थे।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में दिखा भारत का दम : गौरतलब है कि भारतीय सेना ने 7 मई तड़के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था, जो 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए टेरर अटैक के जवाब में की गई सैन्य कार्रवाई थी। इस घटनाक्रम में अहम मोड़ तब आया, जब पाकिस्तान के DGMO ने भारत के DGMO को संघर्षविराम का प्रस्ताव दिया, जिसे भारत ने मान लिया था।







