नई दिल्लीः भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर 6-7 मई की रात बड़ा मिसाइल हमला किया था। पाकिस्तान ने भी इसके जवाब में भारत के कई आर्मी बेस समेत दर्जनों शहरों पर मिसाइल, ड्रोन और फाइटर जेट से हमले करके अहम ठिकानों को नष्ट करने का प्रयास किया। मगर भारत ने उसके सभी हथियारों को हवा में ही ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के 11 आर्मी बेस पर दोबारा मिसाइल अटैक कर दिया। इससे पाकिस्तान को 1 अरब डॉलर से भी ज्यादा का नुकसान हुआ है। लिहाजा पहले से ही कर्ज में डूबे पाकिस्तान में महंगाई ने हमला बोल दिया है।
अब पाकिस्तान में महंगाई आउट ऑफ़ कंट्रोल हो गई है। 10 मई के बाद से कीमतों में ज़बरदस्त उछाल आया है। इसके चलते पाकिस्तान में आटा, दाल, चीनी, तेल और महंगा हो गया है। मौजूदा वक्त में पाकिस्तान में दूध 150 रुपये लीटर, आटा 120 रुपये किलो, सरसों का तेल 500 रुपये लीटर और घी 2800 रुपये किलो बिक रहा है। कई जगहों पर पाकिस्तान की जनता सड़क पर उतरकर महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी कर रही है।
कई जगहों पर खाने-पीने के सामान हुए खत्म- पाकिस्तान में कई स्टोरों पर आटा, दाल, चीनी जैसी रोजमर्रा की जरूरत वाली खाने-पीने की वस्तुएं खत्म हो गई हैं। झेलम के स्टोर पर बुनियादी जरूरत के सामान पिछले कई दिनों से खत्म हैं। घी, चीनी, कूकिंग ऑयल ना होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेब की कीमत हुई 500 रुपये किलो- पाकिस्तान में सिर्फ आटा, दाल, चीनी और घी ही नहीं महंगे हुए, बल्कि यहां एक किलो सेब की कीमत 500 रुपये से भी ज्यादा हो गई है। एक अंडे की कीमत 30 रुपये है। एक साथ छह अंडे के पैकेट लेने पर 145 रुपये अदा करने पड़ रहे हैं। बिजली – पानी की भी भारी किल्लत हो गई है। फल और सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं।







