G7 Summit 2026 in France : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने फ्रांस के एवियन शहर पहुंच गए हैं। वहां पहुंचते ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी और कहा कि वे दुनिया के बड़े नेताओं के साथ वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। पीएम मोदी ने साफ किया कि भारत पूरी दुनिया को अधिक सुरक्षित, समृद्ध और टिकाऊ बनाने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरे पर वे कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ खास बैठकें भी करेंगे।
जी-7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की लगातार यह सातवीं उपस्थिति है और इस मंच पर भारत की 13वीं भागीदारी है। शिखर सम्मेलन में भारत की निरंतर उपस्थिति, प्रमुख वैश्विक चुनौतियों से निपटने और शांति, सुरक्षा, सतत विकास तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में योगदान देने में उसकी बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। यह शिखर सम्मेलन भारत के लिए और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक मंच पर ग्लोबल साउथ की आवाज़ और चिंताओं को बुलंद कर सकते हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ आज शाम प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत करेंगे। इसके बाद, श्री मोदी, नई साझेदारियाँ बनाना और अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता का पुनर्निर्माण करना विषय पर उच्च स्तरीय कार्य सत्र में भाग लेंगे। इस सत्र में जी-7 देशों के नेता, सहयोगी देशों के नेता और विश्व बैंक तथा अफ्रीकी विकास बैंक के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे।

शिखर सम्मेलन के दौरान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। आज रात वे राष्ट्रपति मैक्रॉ द्वारा आयोजित भव्य रात्रिभोज में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम कल अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के साथ उनकी मुलाकात होगी। दोनों नेता विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा कर सकते हैं। वे पारस्परिक हित के महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श कर सकते हैं।







