लोग दहशत में घरों से बाहर निकले, बचाव एवं राहत अभियान शुरू
39 सेकंड में 7.5 तीव्रता के दो बड़े झटके, 10 हजार मौतों की आशंका, मलबे में दबे हजारों लोग, राहतकर्मी मलबे में तलाश रहे जिंदगियां
रायपुर। वेनेजुएला में बुधवार देर शाम धरती ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा देश दहल उठा। महज 39 सेकंड के अंतराल में 7.1/7.2 तीव्रता के पहले झटके के बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसने राजधानी काराकास समेत कई शहरों में भारी तबाही मचा दी।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बड़े पैमाने पर जनहानि और व्यापक नुकसान की आशंका जताई है। प्रारंभिक आकलन में मृतकों की संख्या हजारों तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है, हालांकि आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई बहुमंजिला इमारतों को भरभराकर गिरते देखा जा सकता है। धूल का घना गुबार आसमान में छा गया और लोग जान बचाने के लिए सड़कों पर दौड़ते नजर आए। कई लोग अपने पालतू जानवरों को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखे। राजधानी काराकास के कई इलाकों में सड़कें मलबे से पट गई हैं, जबकि पुलिस, दमकल और राहत एजेंसियां मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। भूकंप के झटके सिर्फ वेनेजुएला तक सीमित नहीं रहे।
पड़ोसी कोलंबिया की राजधानी बोगोटा तक कंपन महसूस किया गया। ला ग्वायरा, वालेंसिया और आसपास के इलाकों में बिजली और इंटरनेट सेवाएं बाधित हुई हैं। कुछ समय के लिए सुनामी अलर्ट भी जारी किया गया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है और आफ्टरशॉक्स की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों में रहने की सलाह दी गई है।
देखें वीडियोः-







