Home » सैन डिएगो में प्लेन हुआ क्रैश : म्यूजिक इंडस्ट्री की बड़ी शख्सियत की मौत, साउंड टैलेंट एजेंसी ने जताया गहरा दुख
दुनिया

सैन डिएगो में प्लेन हुआ क्रैश : म्यूजिक इंडस्ट्री की बड़ी शख्सियत की मौत, साउंड टैलेंट एजेंसी ने जताया गहरा दुख

अमेरिका में प्राइवेट जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने से 6 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में म्यूजिक टैलेंट एजेंट की भी जान चली गई।  कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में गुरुवार तड़के हुए एक विमान हादसे ने म्यूजिक इंडस्ट्री को एक बड़ा सदमा दिया है। इस दुर्घटना में 42 साल के डेव शापिरो (Dave Shapiro) अपनी जान गंवा बैठे। वे हिवी रॉक और इंडिपेंडेंट म्यूजिक सीन के एक बेहद प्रभावशाली और फेमस टैलेंट एजेंट थे।  डेव शापिरो ने पीयर्स द वील, सम 41, स्टोरी ऑफ द ईयर, पॉप बैंड हैनसन और सिंगर-सॉन्गराइटर वेनेसा कार्लटन जैसे कई बड़े कलाकारों का प्रतिनिधित्व किया था। वे साउंड टैलेंट एजेंसी के सह-संस्थापक भी थे, जिसके दो कर्मचारी भी उनके साथ सवार थे और उनकी भी मृत्यु की पुष्टि की गई है।

साउंड टैलेंट एजेंसी ने जाहिर किया दुख- साउंड टैलेंट एजेंसी के एक प्रवक्ता ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि “हम अपने सह-संस्थापक, सहयोगी और दोस्तों को खोने से गहरा आहत हैं। हमारा दिल उनके परिवारों और इस त्रासदी से प्रभावित सभी के साथ है। कृपया इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करें।’ इस एजेंसी के कार्यालय सैन डिएगो, न्यूयॉर्क और नैशविल में स्थित हैं।

डेव शापिरो कौन थे?
डेव शापिरो ने 2018 में टिम बोरोर और मैट एंडरसन के साथ मिलकर साउंड टैलेंट ग्रुप की स्थापना की। इससे पहले वो एजेंसी ग्रुप और यूनाइटेड टैलेंट एजेंसी के अनुभवी सदस्य थे। उनके क्लाइंट में ईव 6, आई प्रिवेल, सेट इट ऑफ, सिल्वरस्टीन और पार्कवे ड्राइव जैसे कई दूसरे लोकप्रिय बैंड भी शामिल थे। वो नेशनल इंडिपेंडेंट ऑर्गनाइजेशन के भी संस्थापक सदस्य थे।

डेव शापिरो का निजी जीवन – डेव शापिरो की पत्नी जूलिया शापिरो, ऑस्ट्रेलिया की एक फोरेंसिक वैज्ञानिक हैं। वो इस दुखद हादसे के बाद गहरे सदमे में हैं। दोनों की मुलाकात कई साल पहले सेल्फ हेल्प म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान हुई थी। डेव शापिरो एक अनुभवी पायलट भी थे। उनके पास 15 साल से ज्यादा का उड़ान अनुभव था और वो एक पंजीकृत पायलट, फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और ग्राउंड इंस्ट्रक्टर भी थे। विमान हादसे में वो खुद विमान चला रहे थे या नहीं, ये साफ नहीं है, लेकिन विमान उनके नाम पर पंजीकृत था।

शापिरो के निधन पर श्रद्धांजलि-  संगीत जगत में डेव शापिरो के जाने से शोक की लहर दौड़ गई है। उनके प्रशंसक और साथी कलाकार सोशल मीडिया पर उनकी याद में भावुक संदेश पोस्ट कर रहे हैं। पॉप बैंड हैनसन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज हम अपने लंबे समय के मित्र और एजेंट डेव शापिरो के दुखद निधन पर शोक मना रहे हैं। डेव जीवन में निडर थे और अपने काम में मेहनती थे। उनके जैसा दोस्त हर किसी को चाहिए होता है। हम उनके परिवार और साउंड टैलेंट ग्रुप की टीम के साथ खड़े हैं।’

विमान के नीचे गिरते ही जोरदार धमाका- सुबह करीब 4 बजे के समय अचानक हुए जोरदार धमाके और विस्फोट ने वहां के निवासियों को झकझोर कर बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। अमेरिकी नौसेना के आवासीय क्षेत्र मर्फी कैनन में हुए इस हादसे के बाद कई वाहन आग की लपटों में घिर गए।

Search

Archives