नई दिल्ली। ईरान के सांसद एक कानून पर चर्चा कर रहे हैं जिसके तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की हत्या करने वाले को 50 मिलियन यूरो का इनाम दिया जाएगा। फरवरी में ईरान पर हुए हमलों के बाद यह तनाव और बढ़ गया है, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई मारे गए थे।
‘टेलीग्राफ यूके’ की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के अध्यक्ष इब्राहिम अजीजी ने बताया कि सांसद एक बिल तैयार कर रहे हैं, जिसका शीर्षक है “इस्लामिक गणराज्य की सैन्य और सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी कार्रवाई”। इस बिल के तहत, ट्रंप की हत्या करने वाले किसी भी व्यक्ति को 50 मिलियन यूरो का इनाम देने की बात को औपचारिक रूप दिया जाएगा।
जुएबाज ट्रंप और बच्चों के हत्यारे नेतन्याहू को जहन्नुम भेजने वाले को मिलेगा इनाम’ : अजीजी ने कहा कि ईरान ट्रंप, नेतन्याहू और अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एडमिरल ब्रैड कूपर को 28 फरवरी के उस हमले के लिए जिम्मेदार मानता है, जिसमें खामेनेई की मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि इन लोगों को टकराव और जवाबी कार्रवाई का सामना करना ही होगा।
ज्यूइश क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष महमूद नबावियन ने भी कहा कि संसद जल्द ही एक बड़ा इनाम देने के प्रस्ताव पर मतदान करेगी। यह इनाम उस व्यक्ति को दिया जाएगा, जो “जुएबाज ट्रंप और बच्चों के हत्यारे नेतन्याहू को जहन्नुम (नरक) भेज देगा।”
नबावियन ने चेतावनी दी कि ईरान या उसके नेतृत्व के खिलाफ भविष्य में की गई कोई भी सैन्य कार्रवाई न केवल अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जवाबी हमलों को जन्म देगी, बल्कि उन क्षेत्रीय अरब सरकारों को भी निशाना बनाएगी जो उनके साथ जुड़ी हुई हैं। नबावियन ने एक्स पर लिखा, “सर्वोच्च नेता और सैन्य कमांडरों के खिलाफ धमकियां एक बार फिर कुछ दुश्मन अधिकारियों के गंदे मुंह से सुनने को मिली हैं।”
ब्लड कोवेनेंट नाम के एक अभियान ने कथित तौर पर 27 मिलियन डॉलर से ज्यादा की रकम जुटाई। ईरान वायर ने बताया कि हैकिंग ग्रुप हंदाला ने भी ट्रंप और नेतन्याहू को खत्म करने के लिए 50 मिलियन डॉलर देने का दावा किया था।
इस साल की शुरुआत में ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने उनके खिलाफ दी गई धमकियों को अंजाम देने की कोशिश की तो अमेरिका उन्हें धरती के नक्शे से मिटा देगा।







