अमेरिका के एरिजोना में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां राज्य के पब्लिक सेफ्टी विभाग का एक रेंजर हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। इस हादसे में हेलीकॉप्टर सवार पायलट और एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई है। हादसा फ्लैगस्टाफ क्षेत्र में एक एक्टिव शूट (सक्रिय गोलीबारी) की स्थिति के दौरान हुआ, जब हेलीकॉप्टर क्रू स्थानीय पुलिस की सहायता के लिए जा रहा था। एरिजोना डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी के अनुसार, रेंजर हेलीकॉप्टर का क्रू फ्लैगस्टाफ पुलिस डिपार्टमेंट और अन्य एजेंसियों को सपोर्ट करने के लिए भेजा गया था।
क्रैश की शुरू हुई जांच : अभी तक पायलट और पुलिस अधिकारी के नाम जारी नहीं किए गए हैं। परिवारों को सूचना देने और अन्य औपचारिकताओं के बाद ही नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। क्रैश की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। विभाग ने इसकी जांच के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर काम शुरू कर दिया है। जांच पूरी होने के बाद ही क्रैश के कारणों का पता चलेगा। घटनास्थल पर किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
बता दें कि, एयर रेस्क्यू यूनिट (रेंजर यूनिट) को विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। यह यूनिट पहाड़ी इलाकों में बचाव कार्य, पानी में रेस्क्यू, हाई-रिस्क सर्च ऑपरेशन और अन्य आपात स्थितियों के लिए तैयार रहती है। ऐसे में यह हादसा विभाग के लिए बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि यह यूनिट अक्सर जानलेवा स्थितियों में भी सुरक्षित रूप से काम करती है।







