Home » डोनाल्ड ट्रंप ने एपल को फिर दी धमकी : कहा- अगर US में नहीं बनाया आईफोन तो लगाएंगे 25% टैरिफ
दुनिया

डोनाल्ड ट्रंप ने एपल को फिर दी धमकी : कहा- अगर US में नहीं बनाया आईफोन तो लगाएंगे 25% टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर एपल को धमकी दी है। उन्होंने शुक्रवार को खुली धमकी देते हुए कहा कि अमेरिका में बिकने वाले आईफोन अमेरिका में ही बनने चाहिए। अगर वह अमेरिका से बाहर भारत या अन्य किसी देश में ऐसा करेंगे तो यह एपल पर भारी पड़ेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा कि अगर प्रौद्योगिकी कंपनी ने ऐसा नहीं किया तो  एपल के उत्पादों पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा। इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि वह एक जून से यूरोपीय संघ पर ‘सीधे 50% टैरिफ’ लगाएंगे। वहीं, ट्रंप की इन धमकियों के बाद अमेरिकी वायदा और वैश्विक बाजारों में गिरावट दर्ज की गई।

शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने पोस्ट कर यह धमकी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मैंने बहुत पहले ही एपल के टिम कुक को इस बारे में बता दिया था कि मुझे उम्मीद है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में बेचे जाने वाले उनके आईफोन का निर्माण  संयुक्त राज्य अमेरिका में किया जाएगा, न कि भारत या किसी अन्य स्थान पर। अगर ऐसा नहीं होता है, तो एपल को अमेरिका को कम से कम 25% टैरिफ का भुगतान करना होगा।’

बढ़ सकती है आईफोन की कीमत-  अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि आईफोन की कीमतों में नाटकीय रूप से बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते एपल की बिक्री और मुनाफे को नुकसान हो सकता है। इतना ही नहीं एपल भी अब अमेजन वालमार्ट और अन्य प्रमुख कंपनियों के साथ व्हाइट हाउस के निशाने पर आ गई है। दरअसल, ये कंपनियां ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ से पैदा हुई अनिश्चितता और मुद्रास्फीति के दबाव का जवाब देने की कोशिश कर रही हैं।

भारत में एपल का हाल- गौरतलब है कि एपल चीन पर ट्रंप के टैरिफ के चलते अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को समायोजित कर रही है। इस बाबत वह आईफोन निर्माण को भारत में स्थानांतरित करने पर विचार कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में एपल भारत में अपनी विनिर्माण क्षमता को लगातार बढ़ा रहा है। कंपनी फॉक्सकॉन और विस्ट्रॉन जैसे अनुबंध निर्माताओं के जरिए से देश में आईफोन बनाती है। ये कोशिशें इलेक्ट्रॉनिक्स में अधिक विदेशी निवेश आकर्षित करने और आयात पर निर्भरता कम करने के भारत के लक्ष्य को भी साकार करती हैं।

भारत में बढ़ रहा आईफोन का उत्पादन- बता दें कि ट्रंप की ये धमकी ऐसे समय में आई है, जब एपल ने हाल ही में भारत में अपने उत्पादन को विस्तार देने की घोषणा की है। कंपनी पहले ही तमिलनाडु और कर्नाटक में आईफोन के कई मॉडलों का निर्माण शुरू कर चुकी है। भारत में आईफोन का उत्पादन बढ़ रहा है। अब हर 5 में से एक आईफोन भारत में असेंबल किया जाता है। 2024-25 में भारत में 60% की वृद्धि के साथ आईफोन उत्पादन 1.89 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिसमें 1.5 लाख करोड़ रुपये का निर्यात शामिल है। फॉक्सकॉन और पेगाट्रॉन जैसे प्रमुख कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर भारत में आईफोन असेंबल करते हैं।

Search

Archives