वॉशिंगटन । डोनाल्ड ट्रंप पर हुए गोलीबारी को लेकर अधिकारियों ने बड़ा खुलासा किया है। अधिकारियों ने दावा किया है कि उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गोलियां चलाने वाले हमलावर की पहचान कर ली है। वह पिट्सबर्ग के बेथेल पार्क का रहने वाला था।
उन्होंने बताया कि बंदूकधारी की पहचान थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के रूप में हुई है, जो रिपब्लिन पार्टी से जुड़ा हुआ था। उसकी उम्र 20 साल थी और वह नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव में पहली बार मतदान करने वाला था। अधिकारियों ने कहा कि क्रुक्स पिट्सबर्ग के बेथेल पार्क उपनगर में रहता था। ये जगह ट्रंप के रैली स्थल से करीब 56 किलोमीटर दक्षिण में हैं। ट्रंप रैली में ऊंचे स्थान पर थे। इस दौरान क्रुक्स ने गोली चलाई। जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने उसे गोली मारकर मार गिराया।
क्रुक्स की डीएनए और बायोमेट्रिक जांच
एफबीआई के पिट्सबर्ग कार्यालय के एक अधिकारी केविन रोजेक ने शनिवार रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमलावर के शव की पहचान नहीं की गई थी इसलिए उसकी डीएनए और बायोमेट्रिक जांच करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि रैली में मौजूद एक व्यक्ति की गोलीबारी में मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।







