ढाका। बांग्लादेश वायुसेना का विमान F-7 BGI ढाका के उत्तरा क्षेत्र के दियाबारी इलाके में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में गिर गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में एक युवक की मौत हुई है। जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य किया जा रहा है। फायर सर्विस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी लीमा खानम ने ढाका ट्रिब्यून को बताया, ‘हमें दोपहर 1.18 बजे सूचना मिली कि उत्तरा में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज के पास एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।’
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने सोशल मीडिया पर कई सारे वीडियो शेयर किए हैं। इसमें सेना के जवान कई घायल छात्रों को हादसे वाली जगह से ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई घायल लोगों को बचाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उन्हें उत्तरा के हॉस्पिटल में ले जाया जा रहा है। उत्तरा, टोंगी, पल्लबी, कुर्मीटोला, मीरपुर और पुर्बाचल की फायर सर्विस की आठ यूनिट राहत एवं बचाव के काम में लगी हुई है। अभी तक यह साफ नहीं है कि विमान का पायलट मोहम्मद तौकीर इस्लाम विमान के गिरने से पहले बाहर निकलने में कामयाब रहा या नहीं।







